-12 मार्च तक लगेंगे विशेष स्वास्थ्य शिविर
-होली पर घर आने वाले प्रवासियों और ‘हाई रिस्क ग्रुप’ की जांच पर विशेष जोर
सीतामढ़ी। स्वास्थ्य विभाग बिहार के सचिव के निर्देशानुसार एचआईवी/एड्स से बचाव एवं नियंत्रण को राज्यव्यापी अभियान के अंतर्गत 24 फरवरी से 12 मार्च तक विशेष जागरूकता एवं स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। अभियान के शुरुआत एवं सफल आयोजन के लिए बुधवार को सदर अस्पताल के सभागार में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन सिविल सर्जन अखिलेश कुमार, जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ जेड जावेद, जिला आईसीटीसी पर्यवेक्षक राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। डॉ अखिलेश कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस के साथ होली के अवसर पर जिले में आने वाले प्रवासी लोगों के बीच एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं जांच परामर्श और उपचार सेवा की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। डॉ जावेद ने निर्देश दिया कि इस अभियान में जिले में विशेष रूप से एचआरजी ग्रुप के बीच जांच एवं परामर्श करना है जिससे हमें फर्स्ट 95 का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। जिले में 28 फरवरी से 12 मार्च तक कुल 14 एकीकृत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा । 28 फरवरी को बैरगनिया के डुगरबना एवं घी पट्टी में, 2 मार्च को रीगा के नरशमा एवं भगवानपुर में, 6 मार्च को सोनबरसा के छोटी सिंह वाहिनी एवं दोस्तियां में, 7 मार्च को रूनीसैदपुर के कोरलहिया एवं मानिक चौक में, 10 मार्च को बथनाहा के लतीपुर एवं हरि बेला में, 11 मार्च को पुपरी के नारायणपुर एवं पुपरी गांव में, 12 मार्च को बाजपट्टी के बाजितपुर एवं बरहरवा में किया जाएगा।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय संयुक्त कार्यकारी समूह की बैठक आयोजित की गई जिसमें विभिन्न विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मियों एवं आईसीटीसी काउंसलर, लैब टेक्नीशियन, एसटीएलएस, एसटीएस एवं बीसीएम को आवश्यक निर्देश दिया गया। डॉ जावेद ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में एचआईवी सिफलिस जांच समेकित परामर्श एवं जांच की सेवा, गर्भवती महिला की जांच, प्रवासी मजदूर, एचआरजी ग्रुप का जांच एवं आम व्यक्तियों की जांच करना है। जांच में रिएक्टिव आने पर उसे एआरटी केंद्र से जोड़ने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य शिविर में प्रमुख रूप से एचआईवी, सिफलिस हेपेटाइटिस बी एवं सी, क्षय रोग के लिए बलगम जांच, रक्त शर्करा तथा उच्च रक्तचाप की जांच सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवा नि :शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान के दौरान एचआईवी संक्रमण के फैलने के प्रमुख मार्ग, जोखिमपूर्ण व्यवहार से बचाव, सुरक्षित व्यवहार अपनाने, निरोध का उपयोग, यौन संचारित संक्रमण सेवाओं तथा एचआईवी एड्स रोकथाम एवं नियंत्रण अधिनियम 2017 के प्रावधान को लेकर भी व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिले वासियों से अपील किया गया कि वह अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाएं।
बैठक में डीईओ सह लेखापाल रंजन शरण, भंडार पाल देवेंद्र कुमार, डीपीसी रंजय कुमार, डीआईएस राजेश कुमार, सहित सभी वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक, वरीय यक्ष्मा प्रयोगशाला पर्यवेक्षक, काउंसलर प्रयोगशाला प्राविधिक आदि उपस्थित थे।






















