- राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु अधिकारियों के साथ की बैठक
समस्तीपुर/दलसिंहसराय
(राज कुमार सिंह)
जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सह समिति के अध्यक्ष शशिकांत राय के कुशल नेतृत्व में आगामी 14 वीं मार्च को अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय, दलसिंहसराय के परिसर में 10 बजे दिन से राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा । राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु मंगलवार को न्यायिक पदाधिकारियों, अनुमंडलाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, श्रम , बिजली ,नगरपरिषद, बी एस एन एल इत्यादि विभाग के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं महासचिव के साथ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सह समिति के अध्यक्ष शशिकांत राय की अध्यक्षता में एवं उनके प्रकोष्ठ में बैठक की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शशिकांत राय ने सभी पदाधिकारियों को यह निर्देश दिया कि राष्ट्रीय लोक अदालत हेतु अधिकाधिक वादों को चिन्हित कर पक्षकारों को नोटिस करें तथा सभी सुलहनीय वादों के पक्षकारों के साथ प्री सीटिंग करें , ताकि अधिकाधिक वादों का निपटारा राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराया जा सके। उन्होंने अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं महासचिव से यह अनुरोध किया कि अधिकाधिक सुलहनीय वादों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण कराने हेतु अपने स्तर से प्रतिदिन न्यायालय आनेवाले न्यायार्थी को प्रेरित करें तथा अधिवक्ता संघ के अन्य अधिवक्ता गणों से भी यह अनुरोध करें कि वे भी अपने अपने पक्षकारों को लोक अदालत के माध्यम से वाद निस्तारण कराने हेतु प्रेरित करें तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से वाद निस्तारण कराने से होनेवाले फ़ायदों से भी पक्षकारों को अवगत करायें।
बैठक का संचालन करते हुए समिति के सचिव सह अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी काजल सोनावाला ने सभी पदाधिकारियों से कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार प्रसार अपने अपने स्तर से कराएं। ताकि अधिकाधिक वादों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से हो सके। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से वाद निस्तारण से होनेवाले फायदों से भी पक्षकारों को अवगत करायें। उन्होंने अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा से यह अनुरोध किया कि ससमय सभी नोटिस का तामिला चौकीदार के माध्यम से कराएं ।
मौके पर बैठक में विवेकचंद्र वर्मा, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम, अनुमंडलाधिकारी किशन कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रभात कुमार चौधरी, महासचिव राजीव रंजन सिन्हा, सहायक विद्युत अभियंता नीलेश कुमार, वन क्षेत्र पदाधिकारी शिवजी , श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी कृष्णा कुमार, नगर परिषद से अभिसार कुमार, बी एस एन एल से राम कुमार सिंह आदि अधिकारीगण मौजूद थे।
बैठक में विधिक सेवा कर्मी गंगेश झा ने भरपूर सहयोग किया ।























