नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया पुलिस ने फारबिसगंज शहर में हुए सनसनीखेज गोलीकांड का सफल उद्भेदन कर लिया है। इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दिनांक 17 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 00:30 बजे फारबिसगंज शहर के कोठी हाट चौक के पास स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान पर यह वारदात हुई थी। दुकान संचालक अरुण केसरी (पिता स्वर्गीय परमेश्वरी केसरी), निवासी कोठी हाट चौक, जब अपनी दुकान बंद कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर उनसे पैसे की मांग की।
अरुण केसरी द्वारा विरोध करने पर एक अपराधी ने उन पर गोली चला दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद फारबिसगंज थाना कांड संख्या 85/26, दिनांक 19.02.2026, धारा 300(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अररिया द्वारा विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसआईटी टीम ने फारबिसगंज शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों का गहन अवलोकन किया। तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचना के आधार पर संतोष गोस्वामी (उम्र 30 वर्ष), पिता रघुनंदन गोस्वामी, निवासी सैफगंज वार्ड संख्या-07, थाना फारबिसगंज, जिला अररिया की पहचान की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह अररिया जिले के टॉप-10 अपराधकर्मियों में शामिल है।
इसके बाद थानाध्यक्ष फारबिसगंज पु.नि. राघवेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में छापामारी कर संतोष गोस्वामी को मोहम्मद नसरूल के घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्तौल एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। छानबीन के दौरान मोहम्मद नसरूल के घर से तीन देशी पिस्तौल, एक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल का मैगजीन तथा 7.65 बोर के दो फायर किए हुए खोखे भी बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि कांड में शामिल दूसरे आरोपी की पहचान मोहम्मद नसरूल उर्फ तेतर, पिता मोहम्मद इसराफिल, निवासी हरिपुर, थाना फारबिसगंज, जिला अररिया के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
बरामद सामानों में देशी पिस्तौल, 315 बोर का जिंदा कारतूस, सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल का मैगजीन और फायर किया हुआ खोखा शामिल है। गिरफ्तार अभियुक्त संतोष गोस्वामी का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। उसके विरुद्ध फारबिसगंज, रानीगंज, भरगामा और नरपतगंज थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गंभीर अपराधों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं, जिनमें वह पूर्व से वांछित भी रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में फारबिसगंज थाना की पुलिस टीम, अपर थानाध्यक्ष, सहायक अवर निरीक्षक, जवान तथा सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।























