नजरिया न्यूज़, अररिया। सोनामणि गोदाम थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 निवासी काशी साह (पिता—स्वर्गीय साधु साह) ने गंभीर मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित के अनुसार, गुरुवार को दिनांक 20 फरवरी 2026 को दिन के लगभग 11 से 12 बजे के बीच वह सुंदरी मेला से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे “पागल” कहकर अपमानित किया।
विरोध करने पर आरोपियों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। पीड़ित का कहना है कि महेश शाह ने पहले मारपीट की, फिर अन्य आरोपियों—शशि शाह, रवि साह, राजू शाह ने मिलकर उसे रस्सी से पेड़ में बांध दिया और जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने वीडियो भी बनाया। किसी तरह ग्रामीणों के हस्तक्षेप से उसकी जान बच सकी।
घटना के बाद पीड़ित ने सोनामणि गोदाम थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि थाना प्रभारी ने आवेदन तो ले लिया परंतु पीड़ित काशी साह को उनके द्वारा भगा दिया। इसके बाद पीड़ित इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया पहुंचा, जहां जांच में दोनों पैरों और छाती की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई।
डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बाहर रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में पीड़ित ने एक पत्रकार को अपनी आपबीती सुनाते हुए प्रशासन से मांग की कि दोषियों पर कार्रवाई कर उसे न्याय दिलाया जाए।























