नजरिया न्यूज़, सुन्दरनाथ/अररिया।
अररिया के नेपाल सीमा क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक सुंदरनाथ धाम शिव मंदिर में महा शिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार की रात शिव-पार्वती विवाह के उपलक्ष्य में भव्य भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धा, आस्था और भक्ति का ऐसा अनुपम दृश्य देखने को मिला, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को देर रात तक आध्यात्मिक आनंद में सराबोर कर दिया।
भक्ति जागरण कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकप्रिय सांसद प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व मंत्री सह सिकटी विधायक एवं सुंदरी मठ न्यास समिति के अध्यक्ष विजय कुमार मंडल, जिला पदाधिकारी विनोद दूहन तथा पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात सुंदरी मठ न्यास समिति की ओर से अतिथियों को बाबा सुंदरनाथ का चित्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री सह सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल ने की, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी न्यास समिति के सदस्य एच.के. सिंह ने कुशलतापूर्वक निभाई। अपने संबोधन में सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सुंदरनाथ धाम आज क्षेत्र ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी आस्था का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने न्यास समिति द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि आज सुंदरनाथ धाम से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जुड़ चुके हैं और देश के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों ने भी यहां आकर दर्शन किए हैं। सांसद ने मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
वहीं पूर्व मंत्री विजय कुमार मंडल ने बताया कि शिव मंदिर परिसर में करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें तीन मंजिला आधुनिक धर्मशाला का निर्माण प्रमुख है। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अन्य कई आधारभूत संरचनाओं का विकास भी किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में यहां देश-विदेश से श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी।
जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने कहा कि सुंदरनाथ धाम में प्रवेश करते ही मन को विशेष शांति और सुकून का अनुभव होता है। उन्होंने मंदिर के समग्र विकास में जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में भगवान शिव की महिमा का आध्यात्मिक वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
भक्ति जागरण कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका नेहा चंचल की सुमधुर गायकी ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति सागर में डुबोए रखा। “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। एसडीपीओ सुशील कुमार, बीडीओ नेहा कुमारी, सीओ आलोक कुमार, विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष, एसएसबी 52वीं वाहिनी के अधिकारी-जवान, जिला पुलिस बल तथा स्काउट एंड गाइड के वॉलेंटियर लाखों की संख्या में उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने में मुस्तैदी से लगे रहे। कुल मिलाकर, महा शिवरात्रि पर आयोजित यह भक्ति जागरण सुंदरनाथ धाम की आध्यात्मिक गरिमा और सामाजिक एकता का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।






















