नजरिया न्यूज़, समस्तीपुर।
राजकुमार सिंह।
दिनांक 16.02.2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के निर्देश पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से ज़िले के सभी थाना क्षेत्रों में बैंक, एटीएम और ज्वेलरी शॉप की सघन जांच अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखना तथा वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। कैमरों की कार्यक्षमता, रिकॉर्डिंग व्यवस्था और कवरेज एरिया की जांच की गई, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि की पहचान समय पर की जा सके। इसके साथ ही बैंक लॉकर की सुरक्षा व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया और संबंधित बैंक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अभियान के क्रम में पुलिस ने बैंक प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आपसी तालमेल को मजबूत करने पर जोर दिया। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने, नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सक्रिय रखने की सलाह दी गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों में भय बना रहे और नागरिक निर्भय होकर अपने दैनिक कार्य कर सकें। आम लोगों से भी अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को तुरंत दें।






















