नजरिया न्यूज़, रानीगंज/अररिया
जिला पदाधिकारी, अररिया के निर्देशानुसार 12 फरवरी 2026 को +2 कलावती उच्च मध्य विद्यालय, रानीगंज में ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महान स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रसिद्ध कवयित्री सरोजिनी नायडू की जयंती को समर्पित रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा सरोजिनी नायडू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उनके जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान तथा महिला सशक्तिकरण के प्रति उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। छात्राओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए आत्मविश्वास बढ़ाने, सकारात्मक सोच अपनाने और शिक्षा को अपने जीवन का मुख्य लक्ष्य बनाने का संदेश दिया गया।
इसके बाद विद्यालय परिसर में विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद एवं चक्का फेंक शामिल थे। सभी प्रतिभागी छात्राओं को ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ योजना के लोगोयुक्त कैप एवं टी-शर्ट प्रदान किए गए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्राओं को ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, रानीगंज के मार्गदर्शन में किया गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विद्यालय में 100 से अधिक छात्राओं की एनीमिया जांच की गई तथा उन्हें आयरन और जिंक की गोलियां वितरित की गईं।
अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बालिकाओं के आत्मबल, अनुशासन और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देते हैं तथा समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, महिला पर्यवेक्षिका एवं अन्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



















