जिला पदाधिकारी, अररिया के निर्देशानुसार दिनांक 11 फरवरी 2026 को +2 उच्च मध्य विद्यालय, बसंतपुर, अररिया में ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महान स्वतंत्रता सेनानी एवं सुप्रसिद्ध कवयित्री श्रीमती सरोजिनी नायडू की जयंती को समर्पित रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला विकास निगम, अररिया के कर्मियों द्वारा सरोजिनी नायडू के जीवन-वृत्त, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विचारों पर प्रकाश डालकर की गई। छात्राओं को बताया गया कि सरोजिनी नायडू साहस, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास की मिसाल थीं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए बालिकाओं को शिक्षा को प्राथमिकता देने, सकारात्मक सोच अपनाने और लक्ष्य प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया गया।
इसके उपरांत विद्यालय परिसर में म्यूजिकल चेयर, पास द बॉल, लंबी कूद, ऊँची कूद, दौड़ एवं चम्मच दौड़ जैसी खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चियों को ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ लोगोयुक्त कैप और टी-शर्ट वितरित की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्राओं को लोगोयुक्त ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया, वहीं अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहित किया गया।
अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं के आत्मबल, अनुशासन और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के साथ समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण में सहायक होते हैं। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।























