नजरिया न्यूज़, पूर्णिया।
दिनांक 10.02.2026 को पुलिस केंद्र, पूर्णिया में पुलिस अधीक्षक महोदया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण पुलिस सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में जिले के सभी थानों से संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य थाना स्तर पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करना और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
पुलिस अधीक्षक महोदया ने एक-एक कर सभी थानों के लंबित मामलों, अनुसंधान की प्रगति, वारंट निष्पादन, अपराध नियंत्रण, गश्ती व्यवस्था तथा जन शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और अनुसंधान की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
सभा के दौरान महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया गया। एसपी महोदया ने कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच सेवा और विश्वास पर आधारित होनी चाहिए, इसके लिए हर स्तर पर संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी है।
अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने, आम जनता से बेहतर समन्वय बनाए रखने और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।























