नजरिया न्यूज़, ताराबाड़ी/अररिया।
अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बटुरबाड़ी पंचायत अंतर्गत झऊआ गांव में 5 फरवरी से लापता नवयुवक गुड्डू का शव गांव के पास स्थित पानी भरे तालाब से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मो. अबु शमा के पुत्र गुड्डू के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थाना पुलिस के साथ अररिया एसडीपीओ और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के अनुसार, गुड्डू 5 फरवरी को किसी व्यक्ति से मोबाइल फोन पर बात करते हुए घर से बाहर गया था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो थाने में गुमशुदगी का आवेदन दिया गया था।
इस संबंध में अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। कॉल डिटेल्स, मोबाइल लोकेशन और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
वहीं, अररिया सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि ताराबाड़ी थाना में हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है और आगे की जांच जारी रहेगी। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है।























