नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया शहर में श्री खाटू श्याम महोत्सव का भव्य और श्रद्धापूर्ण आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज शहर में श्री खाटू श्याम निशान को लेकर भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शोभा यात्रा में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने लायक रही, जिन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए भक्ति गीतों पर नृत्य किया और जयकारे लगाए।
शोभा यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। डीजे और भजन मंडली के माध्यम से बज रहे श्री खाटू श्याम के भक्ति गीतों पर भक्त झूमते-नाचते नजर आए। पूरा शहर भक्तिमय माहौल में रंगा हुआ दिखाई दिया।
इस अवसर पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी सतर्क नजर आया। शोभा यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। आयोजकों ने बताया कि महोत्सव के तहत आगे भी भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।























