नजरिया न्यूज़, अररिया।
नगर थाना अररिया पुलिस ने विशेष समकालीन अभियान के तहत अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.080 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक युवक को मौके से गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने के बाद उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर थाना में पदस्थापित पु०अ०नि० रामलखन चौधरी के नेतृत्व में 03 फरवरी 2026 की संध्या करीब 6:05 बजे अवैध शराब के खिलाफ छापामारी दल थाना से रवाना हुआ। टीम में पु०अ०नि० सोनिया साहेनी, पु०अ०नि० अमरेन्द्र कुमार सिंह, प्रतिनियुक्त बीएसएपी जवान, रिजर्व गार्ड एवं महाल चौकीदार शामिल थे। इसी दौरान करीब 7:05 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रहिका टोला यादव बस्ती में एक युवक अपने घर में विदेशी शराब छुपाकर रखे हुए है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही एक युवक घर से निकलकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान गोलु कुमार (21 वर्ष), पिता स्वर्गीय मुन्ना यादव, निवासी रहिका टोला यादव बस्ती, वार्ड संख्या 12, अररिया के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान गोलु कुमार के घर के आंगन में चौकी के नीचे छुपाकर रखे गए झोले से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब में बकार्डी लिमोन रम, जॉनी वॉकर ब्लैक लेबल, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, इंपीरियल ब्लू एवं आइकॉनिक व्हाइट व्हिस्की शामिल है। कुल 10.080 लीटर शराब को विधिवत जप्ती सूची बनाकर जब्त किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने खुलासा किया कि शराब अनिल चौधरी एवं राणा पासवान द्वारा बाहर से लाकर उसके घर में रखवाई जाती थी, जिसके एवज में उसे प्रतिदिन 200 रुपये दिए जाते थे। पुलिस ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और शराब से जुड़े सभी कार्य संज्ञेय अपराध हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।























