नजरिया न्यूज़, रानीगंज।
रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बेंगवाही वार्ड संख्या-04 में पुलिस ने नशे और अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक और अवैध हथियार के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें पुलिस को उल्लेखनीय सफलता हाथ लगी है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने राहत की सांस ली है।
गिरफ्तार युवक की पहचान जय कुमार (उम्र लगभग 20 वर्ष), पिता दिलीप मंडल, निवासी ग्राम बेंगवाही वार्ड संख्या-04 के रूप में की गई है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान अभियुक्त के घर से कुल 40.17 ग्राम स्मैक, एक देशी लोडेड कट्टा, चार जिंदा कारतूस, सात फायर किया हुआ खोखा, 17 मोबाइल फोन, ₹4,500 नकद राशि तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है। बरामद सामान को देखकर यह स्पष्ट होता है कि अभियुक्त न सिर्फ नशे के कारोबार में संलिप्त था, बल्कि अवैध हथियारों के जरिए आपराधिक गतिविधियों को भी अंजाम दे सकता था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रानीगंज थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि अभियुक्त स्मैक और हथियार के साथ अपने घर पहुंचा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान अभियुक्त मौके से भागने में असफल रहा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने किया। छापेमारी दल में अपर थानाध्यक्ष राजू कुमार, पु०अ०नि० अजय कुमार पासवान, पु०अ०नि० अभिषेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम की सतर्कता और तत्परता के कारण इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ और हथियार बरामद किए जा सके।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अभियुक्त का नशे के अंतरजिला या अंतरराज्यीय नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं। बरामद मोबाइल फोन के जरिए अन्य सहयोगियों और नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
रानीगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशा कारोबार और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे इलाके में अपराध और नशे पर अंकुश लगेगा।























