नजरिया न्यूज़, अररिया।
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत बैंकों में लंबित आवेदनों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यकम (PMEGP) I एवं II, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) तथा प्रधानमंत्री विष्वकर्मा योजना के तहत विभिन्न बैंक शाखाओं में लंबित ऋण आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र अररिया, अग्रणी बैंक प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक अररिया सहित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा यूको बैंक, एचडीएफसी बैंक, बंधन बैंक एवं यूनियन बैंक के प्रतिनिधियों के अनुपस्थित रहने पर खेद व्यक्त किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी बैंकों को सरकार की योजनाओं के प्रति गंभीरता दिखाने का निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लाभुकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि दिनांक 06 फरवरी 2026 तक शत-प्रतिशत ऋण स्वीकृति एवं भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण की जाए, वहीं 12 मार्च 2026 तक सभी लंबित आवेदन पत्रों का निष्पादन अनिवार्य रूप से किया जाए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।





















