बारसोई (कटिहार)।
शिवानंदपुर पंचायत अंतर्गत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर परिसर में एक बार फिर एक्सपायरी दवाएं मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सोमवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
बताया गया कि एक सप्ताह पूर्व भी इसी अस्पताल में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाओं का भंडार मिला था। उस समय सीएचओ और एएनएम पर रोगियों को एक्सपायरी दवा वितरित करने का आरोप लगा था। ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन अब तक न तो कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही जांच पूरी की गई।
इसी बीच सोमवार को पुनः अस्पताल परिसर में फेंकी गई एक्सपायरी दवाएं मिलने से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। प्रदर्शन का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता जहरूल इस्लाम ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की मिलीभगत से अब तक मामले में कार्रवाई नहीं की गई है।
जहरूल इस्लाम ने कहा कि ग्रामीणों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। खराब और पुरानी दवाएं देकर लोगों के जीवन को खतरे में डाला जा रहा है, जो बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने घटनास्थल से ही जिला पदाधिकारी से दूरभाष पर संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी और निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन प्रसाद ने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों से बात कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं और त्वरित जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।























