नजरिया न्यूज़, अररिया।
दिनांक 02 फरवरी 2026 को सदर अस्पताल अररिया परिसर में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले फार्मासिस्ट सुरेश कुमार एवं अस्पताल स्टाफ अनिल कुमार के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में अस्पताल प्रशासन, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों ने दोनों कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह में सदर अस्पताल के डीपीएम संतोष कुमार, डीएस डॉ. राजेंद्र कुमार, अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार, डॉ. आकाश कुमार राय, अनिल कुमार, रिजवान आलम सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल ओढ़ाकर, बुके एवं अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का माहौल भावुक होने के साथ-साथ आत्मीयता से भरा रहा।
इस अवसर पर डीपीएम संतोष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सुरेश कुमार एवं अनिल कुमार ने अपने सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ कार्य किया। दोनों कर्मियों का योगदान सदर अस्पताल की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने में अहम रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित कर्मचारियों की कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
वहीं डीएस डॉ. राजेंद्र कुमार ने भी दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने मरीजों की सेवा को सर्वोपरि मानते हुए वर्षों तक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनका अनुभव और सेवा भावना आने वाले समय में नए कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
समारोह के दौरान उपस्थित अन्य कर्मियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और दोनों के साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए। कृष्ण कुमार, रवि दास सहित अन्य नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में विदाई समारोह में शामिल हुए। सभी ने मिलकर सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।























