नजरिया न्यूज़, अररिया।
विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट को लेकर देशभर में खासा उत्साह देखने को मिला। इसी कड़ी में आज संसद में भारत की वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट का सीधा प्रसारण अररिया के आश्रम रोड स्थित एस.आई.टी. कंप्यूटर कोचिंग परिसर में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक साथ बैठकर बजट भाषण को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम के दौरान नरपतगंज की विधायक श्रीमती देवयंती यादव की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। बजट भाषण के सीधा प्रसारण के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और सभी ने “विकसित भारत” के लक्ष्य को लेकर सरकार की योजनाओं पर गहन चर्चा की। कार्यक्रम स्थल पर सैकड़ों की संख्या में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर विधायक देवयंती यादव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत यह बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, दिव्यांगजन, वृद्धजन, महिलाएं और युवा—सभी के लिए इस बजट में ठोस प्रावधान किए गए हैं। यह बजट न केवल आर्थिक विकास को गति देगा, बल्कि सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को भी मजबूती प्रदान करेगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने अपने संबोधन में कहा कि “विकसित भारत 2047” का लक्ष्य केवल एक सपना नहीं, बल्कि एक स्पष्ट रोडमैप है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और भारत को वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बजट को जनहितैषी बताते हुए इसकी सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान और मध्यम वर्ग को सशक्त बनाने वाला है, जिससे देश के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचेगी।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री कृष्ण कुमार सेनानी, जिला के पूर्व महामंत्री सुरेंद्र झा, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष चांदनी सिंह, प्रदेश कर समिति सदस्य नवीन यादव, जिला उपाध्यक्ष किरण कुमारी, जिला मंत्री सुष्मिता ठाकुर, जिला मंत्री कनकलता झा, नीरज कुमार झा, आईटी सेल संयोजक संतोष झा, जिला मीडिया प्रभारी सुमित ठाकुर, नगर उपाध्यक्ष संजय भगत, शशि कुमार, संजय कुमार झा सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के साथ किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों को समर्थन देने का संकल्प लिया।























