पति और ससुर पुलिस हिरासत में, पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक जांच जारी
नजरिया न्यूज़,नरपतगंज। अररिया।
फुलकाहा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत नरपतगंज वार्ड संख्या-01 में 30 वर्षीय विवाहित महिला प्रियंका कुमारी की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। मृतका तीन बच्चों की मां थी। घटना के बाद इलाके में चर्चा और आक्रोश का माहौल है।
रविवार सुबह मृतका की सास द्वारा मायके पक्ष को मौत की सूचना दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के तहत मृतका के पति अजय कुमार दास और ससुर नेबू दास को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं अररिया से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया है।
मृतका की मां रेणु देवी ने आरोप लगाया कि दामाद के अवैध संबंध के कारण बेटी को लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी। इसको लेकर पहले पंचायत भी हुई थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।























