नजरिया संवाददाता बारसोई कटिहार ।
प्रखंड कार्यालय परिसर में संचालित आधार केंद्र पर मनमानी वसूली के आरोप को लेकर पीड़ित महिला, पुरुष एवं बच्चों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। लोगों ने आधार सेवाओं के नाम पर तय सरकारी शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने का आरोप लगाते हुए इसकी सूचना स्थानीय विधायक को भी दी। विधायक की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि सागर कुमार साह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। पीड़ितों ने बताया कि आधार कार्ड में नाम जोड़ने, उम्र घटाने-बढ़ाने सहित अन्य सुधार कार्यों के लिए सरकार द्वारा 75 रुपये शुल्क निर्धारित है, जबकि केंद्र कर्मियों द्वारा जबरन 200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक प्रतिनिधि ने आधार केंद्र कर्मियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिया कि केंद्र पर केवल सरकारी दर से ही कार्य किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में अवैध वसूली या लाभुकों को परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि खुलेआम हो रही अवैध वसूली के बावजूद प्रखंड प्रशासन का मौन रहना समझ से परे है। यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो जनता को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। उनके हस्तक्षेप से स्थानीय लोगों में राहत और विश्वास का माहौल बना है। इधर, इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन प्रसाद ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही आधार संचालक को कार्यालय बुलाकर फटकार लगाई गई है। साथ ही सख्त चेतावनी दी गई है कि सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।























