नजरिया न्यूज़, फारबिसगंज/अररिया।
जनता की समस्याओं के शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, अररिया द्वारा गुरुवार दिनांक 30 जनवरी 2026 को फुलकाहा थाना परिसर में पुलिस जन-संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जन-संवाद के दौरान आम लोगों ने अपनी विभिन्न शिकायतें एवं समस्याएं पुलिस अधीक्षक महोदय के समक्ष रखीं। भूमि विवाद, आपसी झगड़े, यातायात, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों तथा पुलिस से जुड़ी अन्य व्यावहारिक समस्याओं को पुलिस अधीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फारबिसगंज द्वारा गंभीरता, संवेदनशीलता एवं धैर्यपूर्वक सुना गया। प्रत्येक शिकायत पर आवश्यक नोटिंग करते हुए त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निस्तारण हेतु थानाध्यक्ष, जोगबनी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस-जन संवाद का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना ही नहीं, बल्कि जनता में सुरक्षा एवं न्याय के प्रति विश्वास को और मजबूत करना है।
जन-संवाद कार्यक्रम के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा फुलकाहा थाना का संक्षिप्त निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, अभिलेखों की स्थिति, लंबित कांड, मालखाना, हाजत तथा संपूर्ण प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। इस क्रम में विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा जनता-केंद्रित एवं संवेदनशील पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस पहल से क्षेत्र की जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना और अधिक मजबूत होती दिखी।























