मीरा प्रवीण वत्स, विशेष संवाददाता नजरिया न्यूज, 14फरवरी।
उत्तराखंड के
काठगोदाम से नैनीताल रोड को 2-लेन पेव्ड शोल्डर के साथ चौड़ा करने से नैनीताल-मानसखंड मंदिरों तक कनेक्टिविटी में सुधार होगा। काशीपुर से रामनगर रोड के 4-लेन के चौड़ा होने से पर्यटकों के लिए जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और मानसखंड मंदिरों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। कांगारछीना से अल्मोडा मार्ग के 2-लेन के चौड़ा होने से न केवल बागेश्वर जाने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी बल्कि उनका समय भी बचेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग 309ए पर उडियारी बैंड से कांडा मार्ग के 2-लेन के चौड़ा होने और मरम्मत होने से बागेश्वर में बागनाथ और बैजनाथ मंदिरों तक पहुंच आसान हो जाएगी। साथ ही बागेश्वर से पिथौरागढ़ तक का कठिन सफर बेहतर, सुरक्षित और समय की बचत होगी। उक्त जानकारी भारत सरकार के सड़क एवं यातायात परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दी।
श्री गडकरी ने कहा:
उत्तराखंड में उत्कृष्ट बुनियादी ढांचा तैयार करने के उद्देश्य से न केवल सड़कों और राजमार्गों का काम चल रहा है, बल्कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग 87 विस्तार पर दीवारों का भी निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा:
बागेश्वर जिले में सरयू और गोमदी नदियों पर दो पुलों की मरम्मत का कार्य भी 5 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से न केवल पर्यटकों को लाभ होगा बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी आवागमन आसान हो जाएगा।
नितिन गडकरी ने कहा :
पर्यावरण को कोई नुकसान पहुंचाए बिना स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हम उत्तराखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।





















