नजरिया न्यूज़, अररिया।
आर.एस. थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन जांच के दौरान 443.33 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने तीन शराब तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 जनवरी 2026 को अहले सुबह लगभग 01:30 बजे आर.एस. थाना के थानाध्यक्ष पु.अ.नि. अंकुर के नेतृत्व में हड़िया नहर चौक पर दल-बल के साथ वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में सुबह लगभग 05:40 बजे गोढ़ी चौक, अररिया की ओर से दो चारपहिया वाहन अत्यधिक तेज गति से आते हुए दिखाई दिए। पुलिस वाहन व बल को देखकर दोनों वाहनों को रुकने का इशारा किया गया।
वाहन रुकते ही उसमें सवार सभी व्यक्ति उतरकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया। इस दौरान फॉर्च्यूनर वाहन (रजि. नं. डब्लूबी-06-ई-6654) से भाग रहे दो व्यक्तियों में से एक को पकड़ लिया गया, जबकि एक फरार हो गया। वहीं मारुति सुजुकी वाहन (रजि. नं. एचआर-13-एच-0927) से भाग रहे तीन व्यक्तियों में से दो को पकड़ लिया गया, जबकि एक व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में सफल रहा।
पकड़े गए व्यक्तियों से भागने का कारण पूछे जाने पर वे कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। संदिग्ध हाव-भाव, असहजता और पुलिस से बचने के प्रयास को देखते हुए दोनों वाहनों की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान फॉर्च्यूनर वाहन से 398.33 लीटर तथा मारुति सुजुकी वाहन से 45 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस प्रकार कुल 443.33 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई।
पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल फोन, एक फॉर्च्यूनर कार और एक मारुति सुजुकी कार भी जब्त की है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मो. मोहिद (33 वर्ष), मो. इस्लाम (35 वर्ष), दोनों निवासी रामपुर वार्ड फारबिसगंज, तथा रवि शंकर कुमार पटेल (38 वर्ष), निवासी भदेश्वर वार्ड, थाना बथनाहा, जिला अररिया के रूप में की गई है।
इस मामले में आर.एस. थाना कांड संख्या 16/26, दिनांक 27.01.2026 को धारा 30(ए), बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 (संशोधन 2018) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों से शराब तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में आर.एस. थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।























