नजरिया न्यूज़, अररिया।
बिहार के लाल के विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर आसीन होने के बाद पूरे देश में हर्ष और उल्लास का माहौल देखा जा रहा है। इसी कड़ी में अररिया जिले में भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को उत्सव के रूप में मनाया। कार्यक्रम का आयोजन अररिया भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा जी की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और इस उपलब्धि को बिहार के साथ-साथ पूरे देश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उपस्थित नेताओं ने कहा कि बिहार की धरती से निकलकर किसी नेता का विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक पहुँचना प्रदेश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस उपलब्धि से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल और अधिक मजबूत हुआ है।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष सुराणा, जिला कार्यालय मंत्री नीरज कुमार, जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, भाग कोसी एकल गतिविधि प्रमुख राम कुमार, एकल अभियान के जिला सचिव रणजीत कुमार दास, अंचल अभियान प्रमुख चंदन कुमार, अंचल अभियान गतिविधि प्रमुख सुरेन्द्र कुमार, अंचल प्रशिक्षण प्रमुख सुनीता कुमारी, संच प्रमुख प्रियांशु दर्शन सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की मजबूती, अनुशासन और कार्यकर्ता आधारित राजनीति को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया।
कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। पुष्पा देवी, रेखा देवी, पिंकी देवी, आरती देवी, रितु सिन्हा, ज्योति सिन्हा, सिंहेश्वर बसाख, प्रदीप कुमार समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त करने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा जी ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि भाजपा के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता की मेहनत, समर्पण और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पार्टी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी और देश को विकास के पथ पर और आगे ले जाएगी।























