नजरिया न्यूज़, अररिया।
उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित होने वाली देसी मार्शल आर्ट थांग-टा की 30वीं राष्ट्रीय सब जूनियर एवं सीनियर प्रतियोगिता में अररिया जिले के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 4 जनवरी से 6 जनवरी तक आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। भारतीय स्वदेशी खेल थांग-टा के इस प्रतिष्ठित मंच पर अररिया जिले के खिलाड़ियों की भागीदारी जिले के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राष्ट्रीय रेफरी सह कोच एवं जिला थांग-टा संघ के सचिव संतोष कुमार ने बताया कि अररिया जिले के खिलाड़ी पूरी तैयारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतकर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सब जूनियर बालिका वर्ग में अंडर 34 किलो स्टाइल-01 में कारनेला, अंडर 41 किलो स्टाइल-02 में जानवी तथा अंडर 45 किलो में अदिति रानी शामिल हैं। सब जूनियर बालक वर्ग में प्लस 53 किलो स्टाइल-02 में केंद्रीय विद्यालय अररिया के कक्षा 9 के छात्र राजनिहाल चयनित हुए हैं। सीनियर बालिका वर्ग में 45 किलो स्टाइल-01 में ज्योति कुमारी, 45 किलो स्टाइल-02 में ईशा कुमारी, अंडर 60 किलो स्टाइल-01 में इशिका कुमारी तथा अंडर 60 किलो स्टाइल-02 में खुशबू कुमारी हिस्सा लेंगी।
वहीं सीनियर बालक वर्ग में अंडर 46 किलो स्टाइल-02 में विकास कुमार, अंडर 54 किलो स्टाइल-02 में दिवाकर कुमार तथा अंडर 60 किलो स्टाइल-02 में विकाश कुमार सिंह बिहार थांग-टा टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष कन्हैया कुमार मिश्रा, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य मिथलेश कुमार सिंह, अररिया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक पाठक एवं बिहार थांग-टा संघ के सचिव विकाश कुमार झा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।























