नजरिया न्यूज़ अररिया।
भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी के जन्मदिन (25 दिसंबर) की पूर्व संध्या पर मंगलवार को अटल चौक, अररिया में भव्य दीपोत्सव एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने की। इस अवसर पर जिला महामंत्री आकाश राज, पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष सुराणा, नगर अध्यक्ष संजय कुमार अकेला, जिला उपाध्यक्ष किरण कुमारी, जिला मंत्री सुष्मिता ठाकुर सहित कई वरिष्ठ नेता, युवा मोर्चा के सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेई जी के तेल चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन से हुई।
जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेई भारतीय राजनीति के युगपुरुष थे, जिन्होंने सिद्धांत, लोकतंत्र और राष्ट्रहित की राजनीति को नई दिशा दी। उनका जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण को समर्पित रहा, जो आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
वक्ताओं ने अटल जी को एक दूरदर्शी राष्ट्रनायक, संवेदनशील कवि और प्रखर वक्ता बताया। दीपोत्सव के माध्यम से उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।























