नजरिया न्यूज़, अररिया।
दिनांक 20 दिसंबर 2025 को जिले के विभिन्न अंचल कार्यालयों में भूमि विवाद से जुड़े मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से शनिवारीय जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में संबंधित थाना के थानाध्यक्ष, अंचल निरीक्षक तथा राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दरबार के दौरान भूमि से संबंधित दाखिल-खारिज, सीमांकन, कब्जा विवाद, पारिवारिक बंटवारा, रास्ता विवाद एवं अभिलेख सुधार जैसे मामलों की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने फरियादियों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित दस्तावेजों की जांच करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। वहीं, जटिल मामलों में आवश्यक जांच कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
थानाध्यक्षों ने कहा कि भूमि विवाद अक्सर आपसी तनाव और कानून-व्यवस्था की समस्या का कारण बनते हैं। ऐसे में जनता दरबार के माध्यम से समय रहते विवादों का समाधान कर शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अंचल निरीक्षकों ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि सभी मामलों का निपटारा विधिसम्मत एवं पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।
जनता दरबार में आए लोगों ने प्रशासनिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर राजस्व और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी से उनकी समस्याओं को रखने में सुविधा हुई। इससे समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है।
अधिकारियों ने बताया कि आगे भी नियमित रूप से शनिवारीय जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा, ताकि भूमि विवादों का शीघ्र समाधान हो सके और आम जनता को न्याय मिल सके। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में भूमि विवादों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।























