नजरिया न्यूज कटिहार
सड़क पर चलती बाइक को पीछे से तेज रफ्तार से आ रही पिकअप भेन ने धक्का मार दिया जिसके चलते बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वहीं चालक कि मौत इलाज के क्रम में हो गई तथा पीछे बैठे सवारी को भी चोटें आई हैं।ज्ञात हो कि बारसोई प्रखंड के चापाखोर पंचायत अंतर्गत छोगरा निवासी वदूद सरकार के पुत्र मोहम्मद तारीख (20) अपने बाइक पर अपनी छोटी बहन को बिठाकर बहन कि शादी के लिए निकट के मार्केट पश्चिम बंगाल गया था। वापसी के क्रम में अपने ही गांव के निकट नलसर मार्केट के पास पीछे से तेज रफ्तार से आती हुई अवैध इमारती लकड़ लदी पिकअप ने ठोकर मार दी जिसके चलते भयानक दुर्घटना घटी तथा इस दुर्घटना में बाइक चालक की मौत हो गई। बता दें कि दो दिन बाद छोटी बहन की शादी होने वाली थी। शादी के लिए ही मार्केटिंग हो रही थी।
वहीं घटनास्थल से पिकअप चालक एवं खलासी गाड़ी छोड़कर भाग गए, वहीं घटना की सूचना मिलते ही आबादपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर हॉस्पिटल कटिहार भेज दिया। वहीं मृतक के चाचा अब्दुल सायेक ने आबादपुर थाना में आवेदन देकर पिकअप चालक एवं खलासी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं इस संबंध में आबादपुर थाना अध्यक्ष ने कहा कि पिकअप वैन में लदी इमारती लकड़ी बिहार से पश्चिम बंगाल जा रही थी। इसकी भी जांच होगी अगर अवैध रूप से लकड़ी का कारोबार हो रहा है तो आवश्यक धाराओं के साथ चालक,सह चालक के साथ-साथ पिकअप के संचालक के विरुद्ध भी तस्करी का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। शादी की सारी तैयारियां हो चुकी थी, शादी नहीं होने से बहन के ससुराल में भी माताम पसर गया है। तथा सम्पूर्ण गांव में दुख की लहर दौड़ गई है।





















