नजरिया न्यूज़, आरएस अररिया |
संवाददाता : हीरा गुप्ता
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, अररिया आरएस परिसर में गुरुवार को भारतीय भाषा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य कुमार राघवेंद्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय भाषाओं की समृद्ध परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और देश की भाषाई विविधता पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्राचार्य ने कहा कि भाषा केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि देश की संस्कृति और पहचान का आधार है।
उन्होंने छात्रों एवं शिक्षकों को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को आत्मसात करने का संदेश देते हुए कहा कि भारतीय भाषाएँ हमारे राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोती हैं। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न भारतीय भाषाओं—हिंदी, मैथिली, बंगला, संस्कृत, उर्दू आदि—में शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। कविताओं, भाषणों और गीतों के माध्यम से छात्रों ने न सिर्फ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया बल्कि राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने इस पहल की जमकर सराहना की और छात्रों का मनोबल बढ़ाया। समारोह में गिरिधर प्रसाद साह, स्मिता गुप्ता, स्वस्तिका कुमारी, दीपक कुमार, अमित कुमार, अयूब सहित सभी शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।
भारतीय भाषा उत्सव ने विद्यालय में एकता, संस्कृतिप्रेम और बहुभाषीय सौहार्द का संदेश दिया, जिसे सभी ने सराहा।























