नजरिया न्यूज़, पलासी, अररिया।
अररिया जिले के पलासी थाना परिसर में बुधवार को पुलिस-जन संवाद का एक प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला, जब पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार के आगमन पर जनता दरबार का आयोजन किया गया। थाना पहुंचते ही अनुशासित पुलिस बल द्वारा उन्हें गॉड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। यह आयोजन न केवल पुलिस विभाग की परंपरा और अनुशासन का प्रतीक बना, बल्कि आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को भी मजबूत करता नजर आया।
जनता दरबार में पलासी और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, घरेलू हिंसा, मारपीट, आपराधिक मामलों और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर लोगों ने सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी बात रखी। एसपी अंजनी कुमार ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। कुछ जटिल मामलों में संबंधित थानाध्यक्ष एवं पदाधिकारियों को निष्पक्ष और त्वरित जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी फरियादी के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस कर्मियों को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम करने की नसीहत भी दी।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने इस पहल की खुलकर प्रशंसा की। फरियादियों का कहना था कि वरिष्ठ अधिकारी के सामने सीधे अपनी बात रखने से न्याय की उम्मीद बढ़ती है और मामलों के शीघ्र समाधान का रास्ता खुलता है।
पलासी थाना में आयोजित यह जनता दरबार पुलिस और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी साबित हुआ। गॉड ऑफ ऑनर से शुरू हुआ यह आयोजन जनता के भरोसे, उम्मीद और न्याय के संदेश के साथ सम्पन्न हुआ।























