नजरिया न्यूज़, जोकीहाट,अररिया।
दिनांक 06 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक अररिया ने जोकीहाट थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र में लंबित कांडों के अनुसंधान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। एसपी ने अधिकारियों को लंबित मामलों को शीघ्रता से निष्पादित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाना प्रबंधन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की भी जांच-पड़ताल की गई, जिसमें अभिलेखों का संधारण, आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था, गश्ती प्रणाली और अपराध नियंत्रण की मौजूदा स्थिति शामिल रही। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, शस्त्रागार की स्थिति और कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान अंचल निरीक्षक अररिया भी उपस्थित रहे। बैठक में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने पदाधिकारियों को सतर्क रहते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


















