संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी वही लोग हैं जिन्होंने बिहार और बिहारियों को देश-दुनिया में बदनाम करने का पाप किया। अब यही लोग फिर से नौकरी के नाम पर बिहारियों को बहकाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से इनसे सावधान रहने की अपील की।
मुख्यमंत्री योगी शनिवार को सिकटी विधानसभा क्षेत्र के धर्मगंज में आयोजित एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अपने पंद्रह साल के शासनकाल में इन्हीं लोगों ने बिहार की साक्षरता दर को सबसे निचले स्तर पर पहुंचा दिया था।योगी ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद विकास की गंगा बह रही है। आज बिहार के बच्चे देश और दुनिया के हर क्षेत्र में अपनी जीत का परचम लहरा रहे हैं। बिहार के युवा आईएएस और आईपीएस अधिकारी बन रहे हैं। राज्य के सभी जिलों में पॉलीटेक्निक कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और मेडिकल कॉलेज का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है।उन्होंने जनता से अपील की कि विकास की यह यात्रा रुकनी नहीं चाहिए और बिहार को फिर से जंगलराज में नहीं जाने देना है।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन रामद्रोही लोगों का समूह है, जो सिर्फ समाज को भ्रमित करने का काम कर रहा है।योगी ने कहा कि बिहार में अब सामूहिक नरसंहार, अपहरण, डकैती और फिरौती का धंधा पूरी तरह समाप्त हो चुका है। वहीं, सीतामढ़ी में माता जानकी जी का भव्य मंदिर का निर्माण तेजी से हो रहा है, जो प्रदेश की आस्था और संस्कृति का प्रतीक बनेगा।इस अवसर पर अररिया के भाजपा सांसद प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार मंडल, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा, कुर्साकांटा प्रमुख सुशील कुमार सिंह, और मुखिया संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।























