कटिहार जिला प्रभारी राजकुमार
प्रधानमंत्री आवास के लिए मिलने वाली अनुदान राशि सीधे आपके खाते में जाती है। इसमें सरकार और लाभुक एक दूसरे के आमने-सामने हैं। बीच में किसी का कोई काम नहीं ना तो बीडीओ साहब की जरूरत है और ना ही मुखिया जी की, कोई भी आपके और रुपए के बीच नहीं आ सकता। इसीलिए किसी को एक रुपए भी देने की जरूरत नहीं, उक्त बातें डीडीसी सुमन सौरभ यादव ने सोमवार को बारसोई अनुमंडल कार्यालय के सभा भवन में आयोजित प्रमाण पत्र वितरण समारोह में उपस्थित प्रधानमंत्री आवास के लाभुकों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी आपकी राशि पर तभी रोक लगा सकते हैं। जब आप किस्त उठाकर मकान नहीं बनाते हैं। पैसे को दूसरी जगह खर्च करते हैं। तब अगला किस्त आपको मिलेगा या नहीं यह पदाधिकारी के हाथ में है। इसीलिए मकान के पैसे से मकान अवश्य बनाएं, अपनी तरफ से भी उसमें लगाऐं और अच्छे से अच्छा मकान बनाएं। ज्ञात हो कि अनुमंडल के चारों प्रखंड के 50 लाभुकों के बीच प्रमाण पत्र वितरण किया गया जिसमें बारसोई प्रखंड के 20, आजमनगर के 15, कदवा के 10 और बलरामपुर के पांच महिला लाभुक समारोह में उपस्थिति रहीं। वहीं इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी दीक्षित श्वेतम और भूमि उपसमाहर्ता प्रियंका ने भी लाभुकों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण किया। इस अवसर पर एसडीओ श्री श्वेतम ने कहा कि सरकार की मंशा है कि भारत के हर नागरिक के सिर पर छत हो और वह छत पक्की हो इसीलिए चुन चुन कर गरीब लोगों को मकान बनाने में अनुदान राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जब रुपए आपके खाते में आ जाएंगे तो बिचौलिए आपको तंग करेंगे मगर डरने व घबराने की कोई जरूरत नहीं है आप अपना काम करिए 40 हजार रुपये के दर से तीन किस्त में आपके खाते में 1 लाख, 20 हजार रुपए हस्तांतरित कर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि परेशानी तब होती है जब मकान के रुपए को अन्य कार्य में लगाया जाता है। खेती- किसानी में हो या बेटी की शादी में ऐसे में मकान अधूरा रह जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार रुपए दे तो रही है। परंतु मकान नहीं बनाने वाले पर कार्रवाई भी होगी। उनसे पैसे वापस भी लिए जा सकते हैं। इसलिए मकान बनाना जरूरी है। वहीं डीडीसी श्री यादव ने कहा कि आप 3 महीने के अंदर अपना मकान अवश्य बना लें क्योंकि बरसात आने वाली है वर्षा के मौसम में आपको परेशानी हो जाएगी। बिल्डिंग मटेरियल लाने व रखने में तथा आपको अपना सर छुपाने में भी परेशानी हो सकती है। वहीं इस अवसर पर अनुमंडल के चारों प्रखंड आजमनगर, कदवा, बलरामपुर और बारसोई के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पंचायती राज पदाधिकारी, इत्यादि व्यक्ति प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





















