नजरिया न्यूज़, उमरिया/बिरसिंहपुर पाली। सुनील कुमार सोनी।
उमरिया/बिरसिंहपुर पाली। सुबह सवेरे लगभग 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 57 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रमेश मरावी पिता राम प्रसाद मरावी निवासी ग्राम पंचायत गोरखपुर, जिला गौरेला-पेंड्रा (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि रमेश मरावी पाली जनपद की ग्राम पंचायत बरहाई के अमहाटोला में भैंस चराने का काम करता था। प्रतिदिन की तरह वह अपने कार्य से लौट रहा था। आज सुबह वह किसी निजी कार्य से मुदरिया गांव में रहने वाले अपने परिचित से मिलने गया था। लौटते समय रास्ते में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पाली पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है और यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना किस वाहन से हुई।
पुलिस मामले की गहन विवेचना कर रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। इस दर्दनाक घटना से ग्राम बरहाई और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






















