नजरिया न्यूज़, उमरिया। संवाददाता – सुनील कुमार सोनी।
जिले में सोमवार को पुलिस विभाग की ओर से पुलिस शहीद स्मृति दिवस बड़े ही श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर उमरिया के जय स्तंभ चौक पर ड्यूटी के दौरान प्राणों का बलिदान देने वाले स्वर्गीय सीताराम रघुवंशी एवं स्वर्गीय शिवपाल कोल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम सत्या ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इस दौरान एसडीओपी नागेंद्र प्रताप सिंह, नगर थाना प्रभारी, एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम सत्या ने कहा कि “हर वर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश में पुलिस शहीद स्मृति दिवस मनाया जाता है, ताकि हम अपने उन वीर सपूतों को याद कर सकें जिन्होंने देश की रक्षा और जनता की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।” उन्होंने बताया कि यह आयोजन 31 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जारी रहेगा, जिसमें पुलिस जवानों के परिवारों को सम्मानित करने और समाज में पुलिस सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम शामिल होंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।