नजरिया न्यूज़ (सूरजपुर)गौतमबुद्धनगर। रंजीत गुप्ता।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति अभियान-5.0 के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम 27 सितंबर 2025 को थाना सूरजपुर परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं व बालिकाएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम का संचालन एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती प्रशाली गंगवार ने किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और पुलिस हेल्पलाइन नंबर डायल-112 की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इन नंबरों पर संपर्क करने की सलाह दी गई।
साइबर सुरक्षा टीम द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। इसमें सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने और ऑनलाइन धोखाधड़ी व फिशिंग से सतर्क रहने पर जोर दिया गया। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी प्रदान की गई।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक किया तथा घरेलू हिंसा की स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन से सहायता लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि सतर्कता और जागरूकता ही आत्मरक्षा की पहली सीढ़ी है।
इस अवसर पर महिला प्रतिभागियों ने भी अपनी शंकाओं और समस्याओं को साझा किया, जिनका समाधान पुलिस अधिकारियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें हर परिस्थिति में सुरक्षित रहने के लिए सशक्त बनाना रहा।
















