नजरिया न्यूज़, के लिए मोतिहारी से प्रतीक कुमार सिंह की रिपोर्ट
मोतिहारी पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शिवहर नगर परिषद के चेयरमैन विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी ढाका थाना पुलिस द्वारा एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर की गई। पुलिस ने चेयरमैन को शिवहर से गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूरे मोतिहारी और शिवहर जिले में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार विजय सिंह पिछले 14 वर्षों से फरार चल रहे थे। वर्ष 2011 में भगवानपुर चौक पर मछली व्यवसायी सलीम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में विजय सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। हत्या की वारदात के बाद से ही वह पुलिस की पकड़ से दूर थे और फरार जीवन व्यतीत कर रहे थे।
एसपी स्वर्ण प्रभात को गुप्त सूचना मिली कि चेयरमैन विजय सिंह शिवहर इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर ढाका थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की और उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता पाई। पुलिस के इस कदम से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि विजय सिंह को न्यायालय में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी से जहां मृतक सलीम के परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं नगर परिषद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।
इस बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर पुलिस की सक्रियता और कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख को सामने ला दिया है। लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त की गिरफ्तारी से पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।






















