– मतदाताओं से की सीधी बातचीत”
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री अनिल कुमार ने मंगलवार को जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सिमरिया, पकड़ी आदि क्षेत्रों का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर उनके साथ अपर समाहर्ता श्री अनिल कुमार झा और जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री मनीष कुमार भी मौजूद थे।
जिलाधिकारी ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान आम मतदाताओं से संवाद स्थापित किया और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया अत्यंत सरल एवं पारदर्शी है। उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा वितरित प्रपत्रों को भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ वापस करना है। इसके अतिरिक्त, कोई भी मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से फॉर्म डाउनलोड कर भर सकता है और उसे ऑनलाइन भी अपलोड कर सकता है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 25 जून 2025 से प्रारंभ हो चुका है और 26 जुलाई 2025 तक चलेगा। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण कर रहे हैं। साथ ही, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर व अन्य पदाधिकारी भी फील्ड में सक्रिय हैं ताकि अभियान में कोई बाधा न आए।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि जिन मतदाताओं का नाम 1 जनवरी 2003 की अहर्ता तिथि तक की अंतिम सूची में दर्ज है, उन्हें केवल अपनी प्रविष्टियों की पुष्टि करनी है, दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। जबकि नए मतदाताओं को निर्धारित दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज लगाकर फॉर्म भरना अनिवार्य है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे समय रहते फॉर्म भरकर जमा करें ताकि एक भी पात्र मतदाता वंचित न रह जाए।
उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं को फार्म भरने में पूरी सहायता प्रदान करें और अभियान की गति को सुनिश्चित करें। इस दौरान जिलाधिकारी ने लोगों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों का जवाब भी दिया और टोल फ्री नंबर 1950 की जानकारी दी, जिसपर कोई भी मतदाता आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकता है।
मौके पर संबंधित क्षेत्र के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।





















