संवाददाता/ कुशेश्वर स्थान:
भाजपा मंडल कुशेश्वर स्थान पूर्वी के तत्वावधान में गुरुवार को केवटगामा स्थित एफपीओ कार्यालय में बूथ सशक्तिकरण अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रोशन कुमार राय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा दरभंगा पूर्वी के जिला महामंत्री शत्रुघ्न सहनी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करना और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मतदाताओं तक पहुँचाना रहा।
बूथ जीतना ही चुनावी सफलता की कुंजी – शत्रुघ्न सहनी
अपने संबोधन में जिला महामंत्री शत्रुघ्न सहनी ने कहा कि भाजपा सरकार की कई ऐसी योजनाएँ हैं जिनका लाभ सीधे तौर पर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचता है, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण कई पात्र लोग इससे वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर घर तक जाकर योजनाओं की जानकारी दें और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में सहायता करें। उन्होंने कहा,
हर बूथ को जीतना ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है, क्योंकि बूथ जिते बिना चुनाव नहीं जीता जा सकता।”
हर कार्यकर्ता को दी गई ज़िम्मेदारी – रोशन कुमार राय
मंडल अध्यक्ष रोशन कुमार राय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा और एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी को भारी बहुमत से जीत दिलाना हम सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि, बूथ स्तर पर जब तक हम संगठित नहीं होंगे, तब तक लक्ष्य की प्राप्ति संभव नहीं। कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर कार्य करें और हर मतदाता से संपर्क बनाएँ।
संगठनात्मक ढांचे को किया गया सशक्त
बैठक में बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए:
* प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की टोली गठित की गई।
* लाभार्थी संपर्क अभियान के लिए अलग टीमों का गठन हुआ।
* सोशल मीडिया प्रचार, मतदाता सूची सत्यापन एवं नवमतदाता जोड़ने की योजना तैयार की गई।
* शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकें आयोजित करने का कार्यक्रम तय किया गया।
बैठक में पूर्व मंडल अध्यक्ष राम शरण यादव, डॉ. अजय कुमार राय, मंडल महामंत्री अरविंद मुखिया, ललित पासवान, उपाध्यक्ष राम नारायण राय, डॉ. राम जपो राय, शक्ति केंद्र प्रमुख श्याम सुंदर सिंह, चंचल कुमार, सुमन कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि कार्यकर्ता एकजुट होकर अपने-अपने बूथों पर सक्रिय हों तो निश्चित ही आगामी चुनावों में भाजपा एवं एनडीए को प्रचंड विजय प्राप्त होगी।













