संवाददाता कुशेश्वरस्थान
दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकिया गांव के समीप कमला बलान नदी में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात युवती का शव नदी में बहता हुआ देखा। शव की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और भारी संख्या में महिला-पुरुष नदी किनारे इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही कुशेश्वरस्थान थाना अध्यक्ष अंकित चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकलवाया। उन्होंने बताया कि युवती की उम्र लगभग 25 से 26 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव बोरे में बंद था, जिससे प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कहीं और कर शव को नदी में फेंका गया है ताकि पहचान न हो सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर स्थानीय लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि नियमानुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है और 72 घंटे तक शवदाह गृह में सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि इस दौरान कोई उसकी पहचान कर सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या की आशंका को केंद्र में रखकर सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस रहस्यमयी मौत ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।






















