नजरिया न्यूज़, अररिया। संवाददाता – विकास प्रकाश।
अररिया प्रखंड के फुलवारी गांव निवासी समाजसेवी राजेंद्र चौधरी उर्फ राजू चौधरी के असामयिक निधन पर भाजपा परिवार सहित जिले में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अररिया के जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा की अध्यक्षता में शोकसभा का आयोजन किया गया।
शोकसभा का आयोजन बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री विजय कुमार मंडल के आवास परिसर में किया गया, जहां दिवंगत आत्मा की शांति हेतु एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने स्वर्गीय चौधरी को याद करते हुए कहा कि वे एक नेकदिल, स्पष्टवक्त और निडर व्यक्तित्व के धनी थे। वे समाज के हर वर्ग के लिए समान भाव से सेवा करते थे और कभी किसी की मदद करने से पीछे नहीं हटते थे।
श्री झा ने आगे कहा कि राजेंद्र चौधरी गरीबों और जरूरतमंदों के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। उनके निधन से न सिर्फ जमुआ पंचायत, बल्कि पूरे अररिया जिले को सामाजिक और मानवीय दृष्टिकोण से अपूरणीय क्षति हुई है।
आपदा प्रबंधन मंत्री विजय कुमार मंडल ने भी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राजू चौधरी समाज में सामाजिक न्याय, समर्पण और सेवा के प्रतीक थे। उनके अंदर अदम्य साहस, त्याग और सेवा की भावना कूट-कूट कर भरी थी। उनका जाना सिकटी विधानसभा क्षेत्र और पूरे जिले के लिए एक बड़ी क्षति है।
भाजपा जिला महामंत्री सह जिला पार्षद आकाश राज ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने अपने एक मार्गदर्शक को खो दिया है। राजू चौधरी उनके लिए सिर्फ एक पार्टी कार्यकर्ता नहीं, बल्कि एक प्रेरणा स्रोत थे।
इस शोकसभा में भाजपा के जिला महामंत्री कृष्ण कुमार सेनानी, मंत्री प्रतिनिधि संजीत कुमार सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता शशिनाथ मिश्रा, दिलीप मेहता, जमील साहब, मोद नारायण मेहता सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में राजू चौधरी के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
सभा के अंत में यह संकल्प लिया गया कि दिवंगत राजेंद्र चौधरी के सपनों को साकार करने हेतु पार्टी और समाज के लोग मिलकर उनके अधूरे कार्यों को पूरा करेंगे।






















