नजरिया न्यूज़,अररिया। मासूम रेजा।
ताराबरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आमगाछी गांव में 1 जुलाई 2025 की रात एक पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच चली आ रही आपसी दुश्मनी के कारण एक पक्ष के लोगों ने हथियार से लैस होकर दूसरे पक्ष के घर पर धावा बोल दिया। घटना में रामजतन सिंह और उनकी पत्नी सावित्री देवी को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया गया।
बताया जाता है कि हमलावर अचानक रात में रामजतन सिंह के घर में घुसे और पूरे परिवार को निशाना बनाया। मारपीट के दौरान सावित्री देवी के कान से सोने की बाली छीन ली गई। इसके साथ ही घर का कीमती सामान भी लूट लिया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि दीपेश सिंह, अंजी देवी, चंदा देवी सहित कई अन्य लोग हमलावरों में शामिल थे। सभी ने मिलकर जानलेवा हमला किया और घर में जमकर तोड़फोड़ व लूटपाट की।
घटना के तुरंत बाद घायल पति-पत्नी को परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच काफी समय से भूमि विवाद एवं पारिवारिक रंजिश चली आ रही थी। इसी पुराने विवाद ने मंगलवार की रात खौफनाक रूप ले लिया। घटना के बाद आमगाछी पंचायत के भोजपुर वार्ड नंबर-15 स्थित गांव में तनाव का माहौल है। लोग डरे-सहमे हैं और पुलिस से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
ताराबरी थाना पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव में शांति बहाल रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।






















