नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।
फुलवारी गांव निवासी और समाजसेवा में सक्रिय राजेंद्र चौधरी उर्फ राजू चौधरी के असामयिक निधन की खबर से अररिया जिले में शोक की लहर फैल गई। भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं सहित आम लोगों में गहरी संवेदना व्याप्त है। समाज में अपनी निःस्वार्थ सेवा भावना के लिए पहचाने जाने वाले राजू चौधरी गरीबों और जरूरतमंदों के मददगार के रूप में जाने जाते थे।
राजू चौधरी के निधन पर भाजपा जिला इकाई ने शोक जताते हुए कहा कि उनका जाना संगठन और समाज दोनों के लिए एक बड़ी क्षति है। जिला भाजपा अध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “राजू चौधरी निडर, स्पष्टवादी और जनसेवा में समर्पित एक सच्चे कार्यकर्ता थे। वे जात-पात, धर्म या वर्ग का भेद किए बिना हर जरूरतमंद के साथ खड़े रहते थे। उनका योगदान अमूल्य था। उनका जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।”
अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा, “राजू चौधरी सिर्फ भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि मेरे व्यक्तिगत रूप से अत्यंत करीबी थे। समाज सेवा के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत था। उनका असामयिक निधन न केवल संगठन बल्कि मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है।”
भाजपा जिला महामंत्री सह जिला पार्षद आकाश राज ने भी अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “राजू चौधरी मेरे राजनीतिक जीवन के पथ-प्रदर्शक थे। उन्होंने हमेशा संगठन और समाज दोनों के प्रति समर्पण भाव से कार्य किया। उनका मार्गदर्शन अब हमारे बीच नहीं रहा, यह अत्यंत दुखद है।”
शोक व्यक्त करने वालों की सूची लंबी है। इसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता व जिला महामंत्री कृष्ण कुमार सेनानी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजू कुमार साह, पतेगना मंडल अध्यक्ष अभिलाष ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता विजय विश्वास, कनक लता झा, अंजुलता झा, विजय कुमार गुप्ता, बतेश झा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता व ग्रामीण शामिल हैं।
राजू चौधरी के निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके निवास स्थान फुलवारी पहुंचकर परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट कर रहे हैं। हर आंख नम है और हर चेहरे पर दुख स्पष्ट झलक रहा है। समाज के हर वर्ग के लोगों ने एकमत से कहा कि उन्होंने एक सच्चे इंसान को खो दिया है, जो हमेशा लोगों की भलाई के लिए काम करता था।
राजू चौधरी अपनी सादगी, व्यवहारिकता और सेवा भाव के लिए प्रसिद्ध थे। चाहे किसी बीमार को अस्पताल पहुंचाना हो या किसी छात्र को पढ़ाई में सहयोग देना, वे हमेशा आगे रहते थे। उनके निधन से फुलवारी गांव ही नहीं, बल्कि पूरे जमुआ पंचायत में शोक की गूंज सुनाई दे रही है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार कल प्रातः उनके पैतृक गांव फुलवारी में किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए दूर-दूर से लोग आने की तैयारी कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा शीघ्र ही एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले भर के नेता, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
राजू चौधरी का जीवन समाजसेवा के लिए समर्पित रहा और उनके कार्य सदैव लोगों को प्रेरणा देते रहेंगे। उनका जाना निश्चित ही एक युग का अंत जैसा है।






















