नजरिया न्यूज। भरगामा।
शनिवार को भरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत विषहरिया पंचायत के अकरथापा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृत युवक की पहचान 17 वर्षीय किशोर गुलहयात के रूप में हुई है, जो गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए भरगामा, अररिया,पूर्णिया भागलपुर और दरभंगा में देर रात तक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान भागलपुर अस्पताल से आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस सभी से गहन पूछताछ कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वहीं शनिवार की देर रात अररिया के पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की। उन्होंने कहा प्रशासन से मामले को समय रहते समझने में चूक हुई है, जिसका परिणाम इस दुखद घटना के रूप में सामने आया है। मामले में शामिल दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की पुनः हिंसा को रोका जा सके। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, परंतु ग्रामीणों के बीच भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।






















