– सोनामणि गोदाम थाना क्षेत्र में लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन
नजरिया न्यूज, सोनामणि गोदाम (अररिया)। रंजन राज। आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन कार्य शुरू कर दिया गया है।
शनिवार को सोनामणि गोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल 6 लाइसेंसी बंदूकों का सत्यापन किया गया। यह सत्यापन सीओ (अंचलाधिकारी) आलोक कुमार की अध्यक्षता में थाना परिसर में संपन्न हुआ।
इस दौरान जागीर पारसी पंचायत से पाँच और सिकटीया पंचायत से एक लाइसेंसधारी बंदूक लेकर सत्यापन हेतु उपस्थित हुए। हथियारों की स्थिति, लाइसेंस की वैधता एवं लाइसेंसधारियों की उपस्थिति की विधिवत जांच की गई।
थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत की जा रही है। उन्होंने सभी लाइसेंसधारियों से अपील की कि वे निर्धारित समय पर अपने हथियारों का सत्यापन अवश्य करवा लें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सक्रियता से लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है और यह स्पष्ट संदेश गया है कि चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






















