नजरिया न्यूज़, सुपौल। जनसुराज पार्टी को चुनाव आयोग से ‘स्कूल बैग’ का चिन्ह मिलने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को सुपौल जिला मुख्यालय में जनसुराज पार्टी की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें जिला और प्रखंड स्तर के नेताओं ने भाग लिया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जनसुराज के नेताओं ने कहा कि ‘स्कूल बैग’ केवल एक चुनाव चिन्ह नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा का प्रतीक है। यह शिक्षा, समान अवसर और सामाजिक बदलाव का प्रतीक है। नेताओं का मानना है कि समाज को गरीबी, बेरोजगारी और असमानता से बाहर निकालने का एकमात्र रास्ता शिक्षा है, और ‘स्कूल बैग’ इसी सोच का प्रतीक चिन्ह है।
जनसुराज नेता मीनू कुशवाहा ने कहा कि हमारी पार्टी का उद्देश्य सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि व्यवस्था में बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता देने वाली नीतियों से ही समाज में स्थायी परिवर्तन संभव है।
वहीं जिलाध्यक्ष इंद्रदेव साह ने बताया कि पार्टी आने वाले दिनों में जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इस अभियान के माध्यम से आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा और जनसुराज की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
नेताओं ने कहा कि ‘स्कूल बैग’ आने वाले समय में उम्मीद और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बनेगा। यह बच्चों की शिक्षा की अलख जगाने वाला चिन्ह है, जो हर गरीब, वंचित और उपेक्षित तबके के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा।
कार्यकर्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि जनसुराज का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं है, बल्कि एक ऐसी प्रणाली की स्थापना करना है जो आम जनता के लिए जवाबदेह हो, और जहां शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार सभी के लिए सुलभ हो।
प्रेस वार्ता के अंत में नेताओं ने जनता से अपील की कि वे जनसुराज के इस बदलाव के प्रयास में भागीदार बनें और शिक्षा को एक आंदोलन के रूप में स्वीकार करें। पार्टी के अनुसार, ‘स्कूल बैग’ केवल बच्चों का बोझ नहीं, बल्कि देश के भविष्य का भार उठाने वाला माध्यम है।






















