नजरिया न्यूज़, भागलपुर। कौशल किशोर मिश्रा।
भागलपुर जिले के जोकसर थाना क्षेत्र के कोयलाघाट में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें नगर निगम कर्मी प्रेमराज ने अपनी पत्नी संजुला कुमारी (27) को आठ बार चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना गुरुवार को तब घटी जब संजुला अपने बच्चों को स्कूल से घर लेकर लौटी थी।
घटना के पीछे का कारण पारिवारिक विवाद और पैसों की मांग बताया जा रहा है। संजुला के भाई युवराज यादव के अनुसार, प्रेमराज लंबे समय से पत्नी से पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था। जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रेमराज के कई महिलाओं से अवैध संबंध भी हैं, जिसकी जानकारी संजुला को हो गई थी। इसी कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। संजुला के मायकेवालों के पास प्रेमराज की कई लड़कियों के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें भी मौजूद हैं।
गुरुवार को प्रेमराज ने बार-बार फोन कर संजुला को घर बुलाया। जैसे ही वह घर पहुंची, उसकी ननद ममता कुमारी उससे उलझ गई। इसके बाद ससुर रामचंद्र यादव, सास मुक्ति देवी और पति प्रेमराज ने मिलकर उसे कमरे में बंद कर पीटा। फिर प्रेमराज ने उसे आठ बार चाकू मारा। घायल संजुला ने किसी तरह अपनी मां मंजू देवी को फोन कर जानकारी दी। मौके पर पहुंचे मां और भाई के साथ भी ससुरालवालों ने मारपीट की।
जख्मी हालत में संजुला और उसकी मां थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने पहले इलाज कराने की सलाह दी। आधे घंटे तक संजुला थाने में ही बेहोश पड़ी रही, जिसके बाद पुलिस ने सदर अस्पताल भेजा, जहां से गंभीर हालत में उसे मायागंज अस्पताल रेफर किया गया।
मायागंज अस्पताल की व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। ऑपरेशन थिएटर में लाइट न होने के कारण घायल महिला को आधे घंटे तक ट्रॉली पर लिटाकर इधर-उधर घुमाया गया। इस दौरान संजुला दर्द से तड़पती रही और मीडिया कर्मियों को अंदर जाने से भी रोक दिया गया।
संवेदनशील घटना के बाद पुलिस ने कहा है कि आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न सिर्फ घरेलू हिंसा बल्कि महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है और मामले की जांच जारी है।















