नजरिया न्यूज कुशेश्वरस्थान / गोविन्द पोद्दार दरभंगा।
मतदाता सूची को त्रुटि रहित और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अशोक कुमार जिज्ञासु ने गुरुवार को धवौलिया स्थित प्रखंड सभागार में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण दिया।
निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार, सभी मतदाताओं को ई-नॉमिनेशन फॉर्म भरना होगा। इसमें जन्म तिथि और निवास स्थान के प्रमाण के लिए आयोग द्वारा निर्धारित पहचान पत्रों में से कोई एक देना अनिवार्य है। 2003 के मतदाता सूची में शामिल लोगों को जन्म तिथि और स्थान के सत्यापन की आवश्यकता नहीं होगी।
आयु के आधार पर दस्तावेजों की आवश्यकता अलग-अलग है। 1 जुलाई 1987 से पहले जन्मे मतदाताओं को केवल अपना पहचान पत्र देना होगा। 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे लोगों को अपना और माता-पिता में से किसी एक का पहचान पत्र देना होगा। 2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे मतदाताओं को अपना और माता-पिता दोनों का पहचान पत्र देना अनिवार्य है।
बीएलओ को 26 अगस्त तक घर-घर जाकर ई-नॉमिनेशन फॉर्म भरवाना है। इसके बाद इन फॉर्म को एप के माध्यम से अपलोड करना होगा। कार्यक्रम में राजकुमार यादव, घनश्याम ठाकुर, ननकू कुमार राय, राजेश रौशन और महेंद्र पंडित सहित कई बीएलओ उपस्थित थे।




















