नजरिया न्यूज, बथनाहा। रंजन राज।
56वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बथनाहा के कमांडेंट महोदय के मार्गदर्शन में बुधवार को “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत एक जागरूकता रैली एवं ई-प्रतिज्ञा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह रैली वाहिनी मुख्यालय परिसर से आरंभ होकर बीरपुर मोड़ तक निकाली गई, जिसमें “नशा छोड़ो, जीवन संवारो” जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रहने हेतु प्रेरित करना तथा नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए समाज को नशामुक्त और स्वस्थ दिशा में ले जाना था। कार्यक्रम में अधिकारियों सहित सशस्त्र सीमा बल के अन्य बलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के माध्यम से सशस्त्र सीमा बल ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि नशा न केवल व्यक्ति की शारीरिक एवं मानसिक क्षमताओं को नष्ट करता है, बल्कि समाज को भी कमजोर बनाता है। अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ई-प्रतिज्ञा लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।























