- समाहरणालय परिसर में जुटे दलित समाज व भाजपा कार्यकर्ता, राजद से माफी की माँग
नजरिया न्यूज, अररिया।
राजद द्वारा हाल ही में अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र को उनके पैरों के पास रखने की घटना ने राजनीतिक गलियारों में बवाल खड़ा कर दिया है। इसे लेकर पूरे देशभर में दलित समाज और भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को अररिया जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर के धरना स्थल पर भाजपा ने एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने की। उन्होंने इस मौके पर कहा कि “राजद द्वारा संविधान शिल्पी बाबा साहब अम्बेडकर का अपमान सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे देश और संविधान की गरिमा का अपमान है। लालू प्रसाद यादव और उनकी पार्टी को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।”
धरना के मंच संचालन कर रहे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष गंगा ऋषिदेव ने कहा कि “राजद ने जिस तरह बाबा साहब की तस्वीर को पैरों के पास रखा, वह दर्शाता है कि उनके मन में दलित समाज के प्रति कोई सम्मान नहीं है। यह सीधे-सीधे दलित समाज का अपमान है और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा।”
नगर महामंत्री संजीव पासवान मुच्चू ने भी राजद सुप्रीमो पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “लालू प्रसाद यादव को देश के दलित समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो जनता चुनाव में जवाब देगी।”
धरना में शामिल भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजय कुमार झा ने इसे राष्ट्र विरोधी मानसिकता करार देते हुए कहा कि “बाबा साहब का अपमान भारत के संविधान का अपमान है। ऐसे लोगों को देश कभी माफ नहीं करेगा।”
नरपतगंज विधायक जयप्रकाश यादव ने भी विरोध जताते हुए कहा कि “यह केवल अररिया नहीं, बल्कि पूरे देश के दलित समाज का अपमान है। दलित समाज इसका करारा जवाब देगा।”
पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष सुराना ने राजद नेतृत्व को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “लालू प्रसाद और उनके उत्तराधिकारी तेजस्वी यादव अहंकार में इतने चूर हो गए हैं कि वे न सिर्फ अपने कार्यकर्ताओं को अपने पैरों के पास बैठाते हैं, बल्कि अब बाबा साहब की तस्वीर को भी उसी स्थान पर रखकर दलितों का अपमान कर रहे हैं।”
मौके पर पूर्व प्रमुख विजय यादव, जिला उपाध्यक्ष राजेश चंद्र झा, जिला महामंत्री कृष्ण सेनानी, किरण देवी, नगर अध्यक्ष संजय अकेला, जिलामंत्री कनकलता झा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह, नगर महिला अध्यक्ष रीना जैन, ज्योति भगत, जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, सोशल मीडिया संयोजक नृपेन कुमार सिंह, आईटी सेल संयोजक संतोष कुमार झा सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरना स्थल पर लोगों ने एक स्वर में इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे सामाजिक और संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया और चेताया कि दलित समाज इस अपमान को कभी भूलने वाला नहीं है।






















