पलासी थाना अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, ग्राम धपरी वार्ड नं-02 कलियागंज, अररिया में शिक्षा व्यवस्था की पोल उस समय खुल गई जब ग्रामीणों की सूचना पर नजरिया न्यूज के पत्रकार प्रकाश गुप्ता मौके पर पहुंचे। विद्यालय में कई शिक्षक व शिक्षिकाएं अनुपस्थित पाए गए और स्कूल समय से पहले बंद कर दिया गया था। प्रधानाचार्य भी मौजूद नहीं थे, जबकि कक्षा का बिजली पंखा चालू अवस्था में चल रहा था।
मौके पर मौजूद महिला शिक्षिका आदरी मरांडी ने बताया कि विद्यालय की शिक्षिका कौशल्या देवी कभी-कभी ही स्कूल आती हैं और अधिकतर समय अररिया में ही रहती हैं। पत्रकार द्वारा पूछताछ करने पर यह स्थिति सामने आई।
इसी दौरान विद्यालय के शिक्षक संजीत कुमार (निवासी बलुआ कलियागंज, वार्ड नं-12) और अरविंद कुमार (निवासी बलुआ कलियागंज, चेरमना) ने पत्रकार से अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की की और उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। पत्रकार जब मदद के लिए शोर मचाने लगे तो उनकी जान को खतरा देखते हुए वह किसी तरह मौके से जान बचा पाए।
घटना के बाद पत्रकार ने पलासी थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस पूरे मामले ने शिक्षा विभाग की लापरवाही और पत्रकारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन से उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई जा रही है।